Life

लौट कर आता है फिर गुजरा हुआ जमाना!

25 Jan 2026 | 33 views

चौखट पर कल तुम्हारे जब गया तो ये जाना
लौट कर आता है फिर गुजरा हुआ जमाना
पत्थर की मौन आँखों को आँसू पड़ा बहाना
लौट कर आता है फिर गुजरा हुआ जमाना!
सौ बरस चले हैं, सौ बार राह मुड़े हैं
आये थे जहाँ से,हम फिर वहीं खड़े हैं
नया बरस आने पर खतम होता नहीं पुराना
लौट कर आता है फिर गुजरा हुआ जमाना!
पन्ने पढ़े हजारों,कितनी नयी कहानी
बातें सब अनजानी थी बड़ी पहचानी
हर बार पड़ा फिर से किस्सा वही सुनाना
लौट कर आता है फिर गुजरा हुआ जमाना!
जो छोड़ कर गए हैं,मुँह मोड़ कर गए हैं
जानता हूँ,वो नाता नहीं तोड़ कर गए हैं
वही याद फिर आएगा,जो चाहा था भुलाना
लौट कर आता है फिर गुजरा हुआ जमाना!
तिरछी रेखाएँ सौ,समय की एक हथेली
सुलझाने भर से जाएगी उलझ ये पहेली
पंछी को फिर संध्या इसी घोंसले में है आना
लौट कर आता है फिर गुजरा हुआ जमाना!

Comments

Leave a Comment

No comments yet. Be the first to share your thoughts!